हरियाणा के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण बेदी की अध्यक्षता में नगर परिषद की हाउस बैठक संपन्न।
विभिन्न विकास कार्यों के लिए 46 करोड़ 6 लाख रुपए का वार्षिक बजट सर्वसम्मति से पास किया गया।
बंदरों के प्रकोप से मुक्ति दिलाने के लिए भी बंदर पकडऩे की प्रक्रिया का वर्क आर्डर जल्दी ही-कृष्ण बेदी ।
स्टेशन के एंट्रेंस तथा एग्जिट को भी बनाया जाएगा अति सुंदर-कृष्ण बेदी।
नरवाना /30 अप्रैल /नरेन्द्र जेठी
हरियाणा के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण बेदी की अध्यक्षता में नगर परिषद की हाउस बैठक संपन्न हुई। वीरवार को स्थानीय लघु सचिवालय स्थित सभागार में संपन्न हुई ।
इस बैठक में नरवाना शहर में विभिन्न विकास कार्यों के लिए 46 करोड़ 6 लाख रुपए का वार्षिक बजट सर्वसम्मति से पास किया गया। बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त एवं जिला नगरआयुक्त प्रदीप कुमार, एसडीएम नरवाना जगदीश चंद्र, ईओ नगर परिषद रविंद्र कोहाड़, चेयरपर्सन नगर परिषद मुकेश विशाल मिर्धा, वाइस चेयरमैन शशिकांत शर्मा, नगर परिषद के अन्य अधिकारी तथा सभी नगर पार्षद मौजूद रहे।
कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी ने अपने अध्यक्षीय संबोधन में कहा कि नरवाना को सुंदर, स्वच्छ, सुरक्षित और विकसित शहर बनाया जाएगा। इसी पर फ़ोक्स रखते हुए नगर परिषद की बैठक में अनेक विकास कार्यों के प्रस्ताव मंजूर किए गए हैं। कैबिनेट मंत्री ने बताया कि उक्त पारित बजट के अलावा भी अन्य कार्यों के प्रस्ताव हाउस की बैठक में रखे गये और पास किए गये।
बकौल कैबिनेट मंत्री नरवाना के मुख्य रेलवे रोड को अति उत्तम क्वालिटी का बनाया जाएगा। भगत सिंह चौक से रेलवे स्टेशन तक बनने वाली इस भव्य एवं सुदृढ़ सडक़ के टेंडर लगाने की प्रक्रिया पूरी कर ली गयी है। यह कार्य लोक निर्माण विभाग द्वारा करवाया जाएगा। स्टेशन के एंट्रेंस तथा एग्जिट को भी अति सुंदर बनाया जाएगा।
इसके अलावा विश्वकर्मा चौक से भगत सिंह चौक तक सडक़ निर्माण का भी प्रस्ताव पास किया गया है। शहरवासियों को बंदरों के प्रकोप से मुक्ति दिलाने के लिए भी बंदर पकडऩे की प्रक्रिया का वर्क आर्डर जल्दी ही नगर परिषद द्वारा कर दिया जाएगा।
कैबिनेट मंत्री ने आगे बताया कि नगर परिषद कार्यालय नए भवन का निर्माण होने तक सामुदायिक केंद्र में शिफ्ट करने पर भी सहमति बनी है। केएम कॉलेज नरवाना में अत्याधुनिक सुविधाओं से लेंस ई- लाइब्रेरी का निर्माण करवाया जाना भी प्रस्तावित है। इस भवन के निर्माण पर 5 करोड रुपए खर्च आएंगे।
इसके लिए ढाक़ल रोड नजदीक कॉलेज में बने पुराने पुलिस क्वार्टर वाली जगह चिन्हित की गई है। हाउस में इस कार्य की प्रक्रिया शुरू करने के लिए भी मंजूरी दी गई है, ताकि जल्दी ही लाइब्रेरी भवन निर्माण शुरू करवाया जा सके। शहर पूर्ण रूप से साफ -सुथरा और सुंदर बने तथा कूड़ा-कचरा मुक्त हो, इसके लिए जमीन किराए पर ली गयी है तथा बरसाती सीजन से पहले निर्धारित जगह पर कुडा़ कचरा डालना शुरू हो जाएगा।
आगामी गर्मी के मौसम के मध्येनजर नगर परिषद द्वारा पानी के पांच टैंकर खरीदने का प्रस्ताव भी पास किया गया है, ताकि प्रत्येक शहरवासी को पर्याप्त मात्रा में स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो सके। बैठक में शहर की सुंदरता के लिए जैन संस्थापक तथा अग्रसेन के नाम पर दो भव्य स्वागत द्वार बनाने के लिए भी प्रस्ताव रखे गये हैं।
इसके अलावा ओपन थिएटर के पास अग्रसेन धर्मशाला निर्माण के प्रस्ताव को भी मंजूर किया गया है। हाउस की बैठक में यह भी फैसला लिया गया है कि सभी वार्डों में 31-31 लाख रुपए के अन्य विकास कार्य भी करवाए जाएंगे। कैबिनेट मंत्री ने यह भी बताया कि प्रॉपर्टी आईडी से संबंधित सभी शिकायतें एसडीएम जगदीश चंद्र के समक्ष मंगलवार और शुक्रवार को उनके कार्यालय में सुनी जाएंगी ।
कैबिनेट मंत्री ने नगर परिषद के अधिकारियों को निर्देश दिये कि बरसाती सीजन से पहले सभी नालों की सफाई करवाएं और आवश्यकता अनुसार रिपेयर भी करवाएं। उन्होंने सभी अधिकारियों को आपसी तालमेल के साथ गंभीरता से हाउस में पारित सभी कार्यों को निश्चित समय में पूरा करवाने के लिए कहा। किसी भी ढिलाई और लापरवाही के लिए संबंधित अधिकारी जवाबदेह होगा।


