रात्रि ठहराव कार्यक्रम जिला प्रशासन एवं आमजन के बीच संवाद एवं समस्याओं के समाधान का बेहतर मंच-एसडीएम जगदीश चंद्र
नरवाना के गांव उझाना खंड के गांव रेवर में हुआ रात्रि ठहराव कार्यक्रम
एसडीएम जगदीश चंद्र ने ग्रामीणों द्वारा रखी गई 30 से अधिक समस्याओं पर की सुनवाई
ज्यादातर का मौके पर हुआ समाधान
नरवाना 29 अप्रैल (नरेन्द्र जेठी)
उपायुक्त मोहम्मद इमरान रजा के निर्देशानुसार एसडीएम जगदीश चंद्र ने नरवाना उपमंडल के गांव रेवर में मंगलवार को रात्रि ठहराव कार्यक्रम के दौरान जन समस्याएं सुनी। रात्रि ठहराव कार्यक्रम में 30 से ज्यादा शिकायतें एवं जनसमस्याएं प्राप्त हुई, इनमें से अधिकतर का मौके पर निपटारा किया गया।
यह रात्रि ठहराव कार्यक्रम मंगलवार को गांव के राजकीय उच्च विद्यालय में सम्पन्न हुआ। इस दौरान पुलिस उप अधीक्षक कमलदीप राणा भी मौजूद रहे। एसडीएम जगदीश चंद्र ने कहा कि राज्य सरकार के निर्देशानुसार जिला प्रशासन द्वारा रात्रि ठहराव कार्यक्रम किये जा रहे है, यह एक अच्छी पहल है, जिसमें ग्रामीणों को सीधे जिला प्रशासन के तमाम अधिकारियों से संवाद का बेहतरीन अवसर मिलता है।
इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य जन साधारण से उनके घर द्वार जाकर जनसमस्याएं जानना, समझना और उनका यथासंभव समाधान करना है। एसडीएम ने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा सप्ताह के प्रत्येक सोमवार तथा वीरवार को जिला मुख्यालय एवं उपमंडल स्तर पर समाधान शिविर निरन्तर आयोजित किये जा रहे है। साथ ही हर महीना जिला के किसी भी चयनित एक गांव में रात्रि ठहराव कार्यक्रम भी आयोजित किया जा रहा है।
इन दोनों कार्यक्रमों में सभी विभागों के अधिकारी मौजूद रहते है, जिससे ऐसी समस्या जो अन्तर विभागीय स्तर की है, उसका भी निपटान संभव हो जाता है। एसडीएम ने ग्रामीणों से रूबरू होते हुए कहा कि सरकार व प्रशासन का दायित्व आमजन तक मूलभूत सुविधाएं और सेवाएं पहुंचाना है और इस दिशा में ईमानदारी से प्रयास हो रहा है।
उन्होंने ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों तथा ग्राम पंचायतों का आह्वान किया कि वे भी अपने स्तर पर सरकारी योजनाओं की जानकारी रखे और इनका अधिकाधिक लाभ उठाएं। एसडीएम ने तमाम अधिकारियों को भी सख्त निर्देश दिए कि वे समाधान शिविर और रात्रि ठहराव कार्यक्रम में आने वाली समस्याओं को हल्के में ना लें, बल्कि अपनी कार्यकुशलता और विभागीय निपुणता के आधार पर उनका समाधान करना अपनी जिम्मेदारी समझें।
एसडीएम ने यह भी बताया कि इन दोनों कार्यक्रमों की मॉनिटरिंग स्वयं माननीय मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा की जा रही है, किसी भी समस्या के समाधान में बरती गई कोताही के लिए सम्बन्धित अधिकारी जवाबदेह होगा।

एसडीएम जगदीश चंद्र ने बताया कि उपमंडल के गांव रेवर में लगभग 30 से अधिक समस्याओं को सुना गया और संबंधित अधिकारियों को समस्याओं का त्वरित समाधान के निर्देश दिए गए है। उन्होंने कहा कि ज्यादातर समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया गया तथा अन्य समस्याओं का समाधान के लिए निर्धारित समय सीमा तय की गई।
उन्होंने कहा कि कुछ समस्याएं एक से अधिक विभागों से संबंधित थी तथा अन्य पुलिस विभाग, पब्लिक हैल्थ, सिंचाई विभाग, बिजली विभाग से संबंधित थी, जिनके समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों निर्देश दिए गए है। ग्राम पंचायत द्वारा भी एसडीएम के समक्ष जिम हाल, स्कूल में शेड का निर्माण, स्कूल में रंग रोगन वाटर कूलर बारे आवेदन किया गया, एसडीएम ने पंचायत द्वारा रखी सभी मांगों पर गंभीरता से सुनवाई की और उन्हें पूरा करवाने का आश्वासन भी दिया।
कार्यक्रम के दौरान ग्राम पंचायत द्वारा एसडीएम जगदीश चंद्र सहित अन्य अधिकारियों को शॉल व मोमेंटो भेंट कर सम्मानित किया। इस मौके पर तहसीलदार विजय कुमार, बीडीपीओ तरुण सुथार, एक्सईएन सिंचाई विभाग सौरभ गर्ग, एक्सईएन बिजली विभाग जोगिंदर कौशिक, एक्सईएन पब्लिक हेल्थ प्रशांत सिलवानिया, एसडीओ कृषि विभाग सुनील दलाल, एसएमओ उझाना संदीप ढांडा, आरएफओ अश्वनी कुमार, बीईओ संतोष शर्मा, सरपंच रानी देवी, ओम प्रकाश सहित गांव के अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।


