नूंह के साकरस गांव में 16 वर्षीय किशोर की मौत के मामले में परिवार की शिकायत पर 8 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज, पुलिस जांच में जुटी।
नूंह / 10 जून 2026 /अटल हिन्द ब्यूरो
नूंह। जिले के फिरोजपुर झिरका सदर थाना क्षेत्र के गांव साकरस में 16 वर्षीय किशोर की मौत का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान मोहम्मद अबरार के रूप में हुई है। परिजनों का आरोप है कि लंबे समय से चल रही कथित मानसिक प्रताड़ना और सामाजिक दबाव के कारण किशोर तनाव में था। परिवार की शिकायत पर पुलिस ने आठ नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मृतक की मां जदो उर्फ जायदा ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि गांव के कुछ लोग उनके परिवार को लगातार परेशान कर रहे थे। शिकायत के अनुसार वर्ष 2025 में उनकी बेटी से जुड़े एक पुराने विवाद के बाद आरोपियों द्वारा परिवार पर दबाव बनाया जाता रहा और कथित रूप से अपमानजनक टिप्पणियां की जाती थीं।
परिजनों का कहना है कि आरोपियों द्वारा मोहम्मद अबरार को उसकी बहन के संबंध में आपत्तिजनक बातें कहकर मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था। इसी वजह से वह पिछले करीब दो माह से गहरे तनाव और मानसिक दबाव में था।
शिकायत के मुताबिक 8 जून की रात किशोर ने कथित तौर पर तनाव और मानसिक प्रताड़ना से परेशान होकर आत्मघाती कदम उठा लिया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
पुलिस ने इस मामले में नाजिम, समूद, सालिम, रिजवान, अजरू, शहाबुद्दीन, जुहरूद्दीन, अलीशेर तथा जुम्मी समेत नामजद आरोपियों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने सहित संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया है।
जांच अधिकारी एसआई यादराम ने बताया कि मृतक की मां की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच कर रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


