लीलावती धाम के भव्य उद्घाटन पर शोभायात्रा से होगा महोत्सव का आगाज, 101 महिलाएं उठाऐंगी कलश
तरावड़ी, 29 अप्रैल (रोहित लामसर)।
श्रीराम ग्रुप तरावड़ी की ओर से लीलावती धाम के भव्य उद्घाटन के उपलक्ष्य में श्रीमद्भागवत कथा महोत्सव का आयोजन 18 मई से 24 मई तक किया जाएगा। कथा को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है। महोत्सव का शुभारंभ 18 मई को भव्य कलश यात्रा के साथ होगा, जिसमें सैकड़ों गणमान्य लोग भाग लेंगे। शहर के उद्योगपति, सामाजिक व धार्मिक संस्थाओं के प्रतिनिधि भी इस आयोजन में उपस्थित रहेंगे। विशेष रूप से 101 महिलाएं सिर पर कलश धारण कर परिक्रमा करेंगी, जो आकर्षण का केंद्र रहेंगी।
यह जानकारी श्रीराम ग्रुप तरावड़ी के मैनेजिंग डायरैक्टर साधुराम सिंगला ने दी। इस अवसर पर रविंदर सिंगला, विजय सिंगला, संजय सिंगला, महेश सिंगला व राकेश सिंगला मौजूद रहे। उन्होंने बताया कि कथा का आयोजन प्रतिदिन दोपहर 3 बजे से सायं 6 बजे तक लक्ष्मी धाम रुक्मिणी विहार वृन्दावन में किया जाएगा।
कथा वाचन सुप्रसिद्ध परम पूज्य श्री विवेक जी महाराज द्वारा किया जाएगा। आयोजकों के अनुसार यह सात दिवसीय कथा श्रद्धालुओं को भक्ति और आध्यात्मिकता से जोड़ने का एक विशेष अवसर होगी। आयोजक साधु राम सिंगला ने सभी श्रद्धालुओं से सपरिवार उपस्थित होकर कथा श्रवण का लाभ लेने की अपील की है।
आयोजकों का कहना है कि यह धार्मिक आयोजन क्षेत्र में आध्यात्मिक वातावरण को और सुदृढ़ करेगा। उद्योगपत्ति महेश सिंगला ने बताया कि श्रीमद्भागवत कथा को लेकर खासा उत्साह है। कथा में सैंकड़ों लोग हिस्सा लेंगे। उन्होंने भी सभी से कथा में पहुंचने की अपील की है।


