चंडीगढ़, 19 जून 2026 (अटल हिन्द ब्यूरो)।
राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) द्वारा आयोजित नीट यूजी 2026 परीक्षा के सफल और शांतिपूर्ण संचालन को सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा एवं प्रशासनिक तैयारियां की हैं।
जिला उपायुक्त उत्तम सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि 21 जून को होने वाली इस परीक्षा के लिए जिले में कुल 18 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 6,800 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक एक ही शिफ्ट में आयोजित होगी, जबकि दिव्यांग अभ्यर्थियों को अतिरिक्त समय दिए जाने के कारण उनकी परीक्षा शाम 6:20 बजे तक चलेगी।
डीसी ने बताया कि परीक्षा के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 लागू कर दी गई है। इसके तहत सभी परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में भीड़ एकत्र करने, हथियार ले जाने, वाहनों की पार्किंग, लाउडस्पीकर के उपयोग तथा किसी भी प्रकार के वाई-फाई या इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के इस्तेमाल पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा।
इसके अलावा परीक्षा केंद्रों के 500 मीटर के दायरे में स्थित फोटोस्टेट की दुकानें और कोचिंग संस्थान परीक्षा के दिन बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं।
परीक्षा केंद्रों के अंदर मोबाइल फोन, ब्लूटूथ डिवाइस, ईयरफोन, स्मार्ट वॉच, पेन स्कैनर, कैलकुलेटर, पेन ड्राइव, बैग, पर्स, आभूषण और किसी भी प्रकार की लिखित सामग्री ले जाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। केवल एडमिट कार्ड, पासपोर्ट साइज फोटो, वैध पहचान पत्र और पारदर्शी पानी की बोतल ले जाने की अनुमति दी गई है।
डीसी ने बताया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी निगरानी, बायोमेट्रिक सत्यापन और मोबाइल जैमर की व्यवस्था की गई है ताकि परीक्षा पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न हो सके। साथ ही केंद्रों पर तैनात स्टाफ और एजेंसी कर्मियों का पुलिस सत्यापन भी कराया गया है।
उन्होंने अभ्यर्थियों को समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचने की सलाह दी। परीक्षा प्रवेश प्रक्रिया सुबह 11 बजे शुरू होगी और दोपहर 1:30 बजे सभी परीक्षा केंद्रों के प्रवेश द्वार बंद कर दिए जाएंगे। इसके बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।


