नशा केवल व्यक्ति को ही नहीं बल्कि उसके परिवार और पूरे समाज को प्रभावित करता है-उप पुलिस अधीक्षक कमलदीप राणा।
नरवाना/31 जुलाई 2026/नरेन्द्र जेठी
पुलिस अधीक्षक कुलदीप सिंह भा पु से के कुशल में दिशा निर्देशन व उप पुलिस अधीक्षक नरवाना कमलदीप राणा के कुशल नेतृत्व में पुलिस की नशा मुक्ति टीम ने नोबल एकैडमी नरवाना में एक व्यापक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया ।
कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं एवं विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों, साइबर अपराधों एंव यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना रहा। इस अवसर पर उप पुलिस अधीक्षक नरवाना कमलदीप राणा, नशा मुक्ति टीम के इंचार्ज उप निरीक्षक नरेश कुमार अपनी टीम सहित, लोक गायक संदीप शर्मा साहिल एवं नोबल एकैडमी नरवाना के सचांलक सुनील कुमार एंव श्रीमती प्रिया अपने स्टॉफ सहित व काफी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे ।
उप पुलिस अधीक्षक नरवाना कमलदीप राणा ने उपस्थित विद्यार्थियों एवं युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि नशा केवल व्यक्ति को ही नहीं बल्कि उसके परिवार और पूरे समाज को प्रभावित करता है।
उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे स्वयं नशे से दूर रहें तथा अपने आसपास के लोगों को भी इसके दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक करें। उन्होंने कहा कि हरियाणा पुलिस नशा तस्करों एवं नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ लगातार प्रभावी कार्रवाई कर रही है और समाज के सहयोग से ही नशामुक्त हरियाणा का लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है ।
उन्होने बताया कि लिंक के माध्यम से नशा करने वाले व्यक्तियों की जानकारी दे सकते है । नशा मुक्ति टीम के इंचार्ज उप नि. नरेश कुमार ने विद्यार्थियों को साइबर अपराधों के बढ़ते मामलों पर जानकारी देते हुए बताया कि आजकल लोग ऑनलाइन ठगी, फर्जी लिंक, ओटीपी शेयरिंग, सोशल मीडिया फ्रॉड तथा डिजिटल भुगतान से जुड़े अपराधों का शिकार हो रहे हैं ।
उन्होंने विद्यार्थियों से अपील करते हुए कहा कि किसी भी संदिग्ध कॉल, मैसेज या ऑनलाइन लेन-देन के प्रति सतर्क रहें तथा साइबर धोखाधड़ी होने पर तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराएं।
इसके अतिरिक्त उन्होने सडक़ सुरक्षा एवं यातायात नियमों के पालन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, नशे की हालत में वाहन न चलाने तथा यातायात संकेतों का पालन करने का संदेश दिया । उन्होंने विद्यार्थियों को बताया कि यातायात नियमों का पालन न केवल कानूनी जिम्मेदारी है बल्कि स्वयं एवं अन्य लोगों के जीवन की सुरक्षा के लिए भी आवश्यक है।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित विद्यार्थियों एवं युवाओं ने नशे से दूर रहने, यातायात नियमों का पालन करने, साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने तथा समाज में जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया ।

