दिनदहाड़े महिला से सोने की वाली झपटी, रेलवे की दीवार फांदकर फरार हुआ बदमाश
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस, लोगों में दहशत; गश्त बढ़ाने की उठी मांग
अटल हिन्द न्यूज रिसोर्स/जाखल /4 अगस्त 2026/योगेश खनेजा
जाखल कस्बे में मंगलवार शाम दिनदहाड़े हुई झपटमारी की वारदात ने एक बार फिर शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अज्ञात बदमाश एक महिला के कान से सोने की वाली झपटकर भाग जाने में सफल हो गया। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है, जबकि पुलिस आरोपी की तलाश में आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
जानकारी के अनुसार अजीतपुरा मोहल्ला निवासी वृद्ध माया देवी मंगलवार शाम करीब 5:30 बजे अपने घर के बाहर बैठी थीं। इसी दौरान एक अज्ञात युवक उनके पास पहुंचा और झपट्टा मारकर कान से सोने की बाली निकाल ली। महिला जब तक कुछ समझ पाती, आरोपी तेजी से दूसरी गली से भाग जाने में सफल हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही जाखल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ-साथ आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में लेकर आरोपी की पहचान के प्रयास शुरू कर दिए हैं। समाचार लिखे जाने तक पुलिस को आरोपी का कोई सुराग नहीं मिल सका था।
दिनदहाड़े हुई इस वारदात से स्थानीय लोगों में भय का माहौल है। लोगों का कहना है कि पिछले कुछ समय से झपटमारी और चोरी जैसी घटनाओं में बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। उन्होंने बाजारों, रेलवे क्षेत्र और रिहायशी इलाकों में नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने तथा असामाजिक तत्वों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
थाना प्रभारी संजय कुमार ने बताया कि पुलिस मामले की हर पहलू से गहन जांच कर रही है। आरोपी की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की मदद ली जा रही है। उन्होंने आमजन से अपील की कि यदि किसी व्यक्ति को संदिग्ध युवक के बारे में कोई जानकारी हो तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। उन्होंने विश्वास जताया कि आरोपी की जल्द पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Add A Comment

