जाखल मंडी में रेलवे ओवरब्रिज के निर्माण के कारण आवागमन की समस्या को लेकर टोहाना स्थित एसडीएम कार्यालय में पुल संघर्ष समिति और प्रशासन के बीच एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। समिति के सदस्यों ने जाखल मंडी के व्यापारियों, किसानों और आम नागरिकों की समस्याओं को विस्तार से रखा। बैठक में स्पष्ट मांग की गई कि रेलवे ओवरब्रिज के नीचे स्थित फाटक को तत्काल सुचारु रूप से चालू किया जाए, ताकि मंडी तक आने-जाने का रास्ता बाधित न हो और किसानों की फसल की आवक प्रभावित न हो।
बैठक में शामिल प्रमुख लोग और विधायक की मौजूदगी
इस बैठक में रेलवे विभाग से एक्शन, ठेकेदार, जेई, एसडीएम टोहाना, मार्केट कमेटी सचिव जाखल और अंडर ब्रिज पर देखरेख करने वाले साथी उपस्थित रहे। इसके अलावा पगड़ी संभाल जट्टा किसान संघर्ष समिति हरियाणा ब्लॉक जाखल के साथी, भारतीय किसान यूनियन उगराहा हरियाणा ब्लॉक जाखल के साथी, मंडी से कच्चा आढ़ती संगठन और सेलर संगठन के साथी भी मौजूद रहे। टोहाना से विधायक श्री परमवीर सिंह भी इस बैठक में शामिल हुए और उन्होंने अधिकारियों के समक्ष जाखल मंडी की समस्या को मजबूती से उठाते हुए शीघ्र समाधान करने की बात कही।
रेलवे का प्रस्ताव और एसडीएम का आश्वासन
कमेटी सदस्य लाभ सिंह, आदित्य बंसल, कांत जैन सहित अन्य सदस्यों ने बताया कि रेलवे अधिकारियों ने बैठक में जानकारी दी कि दूसरी ओर निर्माणाधीन अंडरब्रिज के माध्यम से वैकल्पिक रास्ता उपलब्ध कराने के प्रस्ताव पर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में प्रस्ताव भेजा जाएगा जिसके बाद इसकी समीक्षा की जाएगी। एसडीएम श्री आकाश शर्मा ने रेलवे अधिकारियों के साथ चर्चा के बाद कल शाम तक स्थिति स्पष्ट करने का आश्वासन दिया है।
10 अगस्त तक का समय और आगामी रणनीति
पुल संघर्ष समिति ने प्रशासन को 10 अगस्त तक का समय देते हुए दो टूक कहा है कि यदि इस अवधि में कोई ठोस समाधान नहीं निकलता है, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। बैठक समाप्ति के उपरांत समिति ने निर्णय लिया कि 9 अगस्त को अनाज मंडी के बड़े शेड के नीचे संयुक्त बैठक आयोजित की जाएगी। जो भी फैसला होगा, आगे उसी के अनुसार कदम उठाया जाएगा। पुल संघर्ष समिति ने प्रशासन से मांग की है कि किसानों, व्यापारियों और मंडी वासियों की समस्याओं का शीघ्र समाधान कर जाखल मंडी की निर्बाध आवाजाही सुनिश्चित की जाए।

