योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में ‘नया उत्तर प्रदेश’ पर राष्ट्रीय परिचर्चा, विकास और सुशासन पर हुई व्यापक चर्चा
नई दिल्ली / 06 जून / अटल हिन्द ब्यूरो
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जन्मदिवस के अवसर पर वर्चुअल माध्यम (ज़ूम) के जरिए देशभर के शिक्षाविदों, बुद्धिजीवियों, शोधार्थियों और प्रबुद्ध नागरिकों की सहभागिता से एक विशेष परिचर्चा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य विषय ‘योगी के नेतृत्व में नया उत्तर प्रदेश’ रहा, जिसमें राज्य में हो रहे विकास, सुदृढ़ कानून-व्यवस्था, महिला सशक्तिकरण और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभाव पर विस्तृत चर्चा की गई।
कार्यक्रम की संयोजक प्रो. पूनम कुमारी ने अपने संबोधन में कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में चतुर्दिक विकास देखने को मिला है। उन्होंने विशेष रूप से महिला शिक्षा, सुरक्षा और रोजगार के अवसरों में वृद्धि को सामाजिक परिवर्तन का महत्वपूर्ण आधार बताया। उनके अनुसार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और योगी सरकार के सुशासन के कारण उत्तर प्रदेश एक सुरक्षित, सुदृढ़ और प्रगतिशील राज्य के रूप में उभर रहा है तथा विकसित प्रदेश बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित एस.एन. सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश ने बीमारू राज्य की छवि से बाहर निकलकर विकास के नए मानक स्थापित किए हैं। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार की डबल इंजन नीति तथा आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश के विज़न को राज्य की प्रगति का प्रमुख आधार बताया।

विशेष वक्ता के रूप में बेंगलुरु से जुड़े Tata Consulting Engineers के इंजीनियर मैनेजर संजीव निश्टल ने राज्य में तेजी से विकसित हो रहे बुनियादी ढांचे, एक्सप्रेस-वे परियोजनाओं और औद्योगिक कॉरिडोर के माध्यम से हो रहे आर्थिक बदलावों पर अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि आधुनिक अवसंरचना विकास से निवेश और रोजगार दोनों को गति मिली है।
मुंबई स्थित Commercial Technical Consulting LLP के प्रबंध निदेशक सौरभ कुमार अखौरी ने उत्तर प्रदेश में ‘ईज़ ऑफ डूइंग बिज़नेस’, तकनीकी प्रगति और बढ़ते निवेश अवसरों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि राज्य में कानून-व्यवस्था में हुए सुधार और जीरो टॉलरेंस नीति के कारण गंभीर अपराधों में उल्लेखनीय कमी देखने को मिली है, जिससे निवेशकों का विश्वास मजबूत हुआ है।
युवा वक्ताओं कुलदीप उपाध्याय, अंजलि तथा धीरज ने भी उत्तर प्रदेश में जमीनी स्तर पर दिखाई दे रहे बदलावों और युवाओं के लिए बढ़ते अवसरों पर अपने विचार साझा किए।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. शिवानी सक्सेना ने किया। अंत में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु की कामना के साथ धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया गया। सार्थक विमर्श और सकारात्मक संवाद के साथ संपन्न इस वर्चुअल परिचर्चा में Jawaharlal Nehru University, University of Delhi तथा Banaras Hindu University सहित देश के विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों से जुड़े शिक्षाविदों और शोधार्थियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।


