महेंद्रगढ़ में भीषण सड़क हादसा, ड्राइवर-कंडक्टर की मौत, 11 यात्री गंभीर घायल
महेंद्रगढ़/अटल-हिन्द-संवाददाता-की-रिपोर्ट
महेंद्रगढ़ जिले में नेशनल हाईवे 152D पर सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। मनाली से जयपुर जा रही एक वॉल्वो बस बुचावास के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में बस के ड्राइवर और कंडक्टर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 11 यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गया। घायलों को तुरंत बाहर निकालकर महेंद्रगढ़ के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बस में करीब 40 यात्री सवार थे। हादसा किन कारणों से हुआ, इसकी जांच की जा रही है और अभी तक दुर्घटना की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है।
इसी बीच एक घायल युवती ने अस्पताल में उपचार के दौरान बताया कि हादसे के बाद वह बस के अंदर फंसी हुई थी और लगातार मदद के लिए आवाज लगा रही थी। युवती का आरोप है कि कुछ लोग उसकी मदद करने के बजाय मोबाइल से वीडियो बनाने में लगे रहे।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।


